डेस्टिनेशन वेलफेयर सोसाइटी की ओर से खंदारी स्थित होटल लेमन ट्री में वाकिंग स्टिक फैशन शो का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि समाजसेवी मधु बघेल और संस्था की अध्यक्ष अर्चना फौजदार ने माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया।

महिला सशक्तिकरण को समर्पित रनवे फैशन शो में ‘नारी एक रूप अनेक’ के माध्यम से नारी को नौ देवियों के रूप में रेम्प पर प्रदर्शित किया। महाराष्ट्र से आयी मॉडल्स ने ‘महाशक्ति’ शीर्षक राउंड में एक विधवा महिला पर बीच रोड पर हो रहे अत्याचार पर लोगों से मदद मांगती दिखाया है और जब उसका चीरहरण करते हुए बलात्कार होता है तो विधवा महिला माँ काली का रूद्र रूप धारण कर बदमाशों का संहार करती है।
अध्यक्ष अर्चना फौजदार ने बताया कि फैशन के जलवे बिखेरने वाली युवतियों के साथ अपने को वैवाहिक जीवन में ढाल चुकी महिलाओं ने भी रैम्प पर कैटवॉक किया। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने को मंच देने के लिए हर वर्ष कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। परम्परागत संगीत धुन पर डेस्टिनेशन संस्था के मंच पर पहली बार 57 मॉडल्स साथ एक ही थीम पर नजर आयी। नन्हे-मुन्ने बच्चो के साथ फैशन शो में उत्तर प्रदेश के अलावा छह राज्यों के प्रतिभागियों ने भी हिस्सा लिया।
दर्शकों ने खूबसूरत मॉडल्स द्वारा रैंप पर प्रदर्शित किए अद्भुत आउटफिट्स को बेहद पसंद किया और दिल खोलकर प्रशंसा की। शो की कोरियोग्राफी आयुष दीक्षित ने की। संचालन वैष्णो त्रिपाठी व मोहित गोला ने किया। सभी का धन्यवाद आयोजन सचिव राजेंद्र फौजदार ने दिया।